![]()
मोतिहारी के सुगौली थाना क्षेत्र में सिकरहना नदी में छलांग लगाकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार देर शाम की है, जिसका शव शनिवार सुबह बरामद किया गया। परिजनों के अनुसार, युवक प्रेम प्रसंग के चलते मानसिक तनाव में था। शुक्रवार देर शाम युवक ने सिकरहना पुल से नदी में छलांग लगाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे कूदते देखा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और नदी में पानी गहरा होने के कारण तत्काल उसकी तलाश संभव नहीं हो पाई। पुलिस ने देर रात तक तलाशी अभियान चलाया स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद देर रात तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी किनारे एक शव को तैरते हुए देखा। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और सुगौली थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की। मृतक की पहचान रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मुडला वार्ड संख्या-06 निवासी उमेश साह के पुत्र रुपेश कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रुपेश का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में था। थानाध्यक्ष बोले- मामले की जांच की जा रही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
Source link