![]()
पूर्णिया में सड़क हादसा हुआ है। NH 77 पर चम्पावती पेट्रोल पंप के पास टैंकर-स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। स्कॉर्पियो पर सवार सभी लोग बाबा धाम से पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चम्पावती पेट्रोल पंप के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप से एक टैंकर फ्यूल भरवाकर तेज रफ्तार में मुख्य सड़क की ओर निकल रहा था। जैसे ही टैंकर हाईवे पर पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उससे सीधे टकरा गई। गाड़ी के पार्ट्स सड़क पर बिखरे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। भिड़ंत के बाद सड़क पर गाड़ी के पुर्जे बिखर गए। टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी थी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसी बीच लोगों की भीड़ जुटती देख टैंकर चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसे में अशोक कुमार यादव, रमन कुमार यादव और अनुपम देवी समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के कचहरी बलुआ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना कसूचना मिलते ही सरसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा टैंकर चालक की लापरवाही से हुआ या फिर दोनों वाहनों की तेज रफ्तार इसकी वजह बनी।
Source link