![]()
पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दुष्कर्म पीड़िता के घर पर हमला किया गया। इस घटना में छह से अधिक लोग घायल हो गए, जिनका इलाज पूर्णिया के जीएमसीएच में चल रहा है। यह हमला दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार युवक के परिजनों द्वारा किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से नाराज होकर परिजनों ने पीड़िता के घर में घुसकर मारपीट की। पीड़िता के पिता ने बताया कि मोहम्मद सद्दाम ने उनकी बेटी के साथ 24 जून को बलात्कार किया था, जिसके बाद न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजा है। इसी बात से नाराज होकर सद्दाम के परिजनों ने शुक्रवार देर शाम उनके घर पर हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के छह से अधिक सदस्य घायल हो गए। पीड़िता की मां के अनुसार, सद्दाम के खिलाफ केनगर थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। बेटे के जेल में होने के कारण उसके परिजनों ने उनके घर में घुसकर मुकदमा वापस लेने की धमकी दी और मारपीट की। उन्होंने यह भी धमकी दी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी बलात्कार करेंगे। इस घटना की सूचना फोन के माध्यम से थाने को दे दी गई है। केनगर थाना प्रभारी ए.के. अजनबी ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।
Source link