![]()
पूर्णिया में कटिहार के मेडिकल स्टाफ की रेलवे ट्रैक पर लाश मिली है। शव रेल की पटरी पर क्षत विक्षत अवस्था में मिला। युवक पत्नी से हुई आपसी कहासुनी के बाद घर से निकला था। सुबह रेल के पटरियों पर टुकड़े में उसकी लाश मिली। घटना सदर थाना क्षेत्र के रामबाग रेलवे गुमटी नंबर-3 के पास की है। मृतक की पहचान कटिहार के मनसाही थाना क्षेत्र के पचवर्धा के रहने वाले जितेंद्र उरांव (26) के रूप में हुई है। जितेंद्र पेशे से शहर के लाइन बाजार स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में मेडिकल स्टाफ था। मृतक के भाई ने बताया कि जितेंद्र मूल रूप से कटिहार का रहने वाला था। 4 साल पहले उसकी शादी हो गई। इसके बाद से वो पत्नी के साथ शहर के लाइन बाजार में प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करता था। पत्नी नर्स है, जबकि वो मेडिकल स्टाफ था। रोजाना की तरह दोनों हॉस्पिटल की शिफ्ट पूरी कर घर लौटे और फिर कुछ ही देर बाद दोनों के बीच तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई। कहासुनी के बीच जितेंद्र घर से बाजार के लिए सब्जियां लाने निकल गया। सुबह अचानक उसकी लाश मिलने की खबर आई। घटना स्थल पर पहुंचने पर देखा कि बॉडी रेल की पटरियों पर क्षत विक्षत अवस्था में पड़ी है। लाश टुकड़ों में बंटी थी। बमुश्किल किसी तरह शव की शिनाख्त हो सकी। परिजनों ने हत्या की जताई आशंका घर में तीन दिन पहले ही जितेंद्र की बेटी का जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया गया था। उस समय पूरा परिवार खुशियों में डूबा था, लेकिन इस अनहोनी ने खुशियों को मातम में बदल दिया है। जितेंद्र की मौत के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। परिजनों का कहना है कि उसकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में शव का टुकड़ों में मिलना गहरी साजिश और हत्या की ओर इशारा करता है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के अवशेषों को समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ भी कहा जा सकेगा।
Source link