![]()
बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय टाइगर ने बक्सर में हाल ही में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) धंसने के मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बक्सर अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। “पुल बन रहे हैं तभी कहीं-कहीं गिर भी रहे हैं” आरओबी धंसने के सवाल पर मंत्री संजय टाइगर ने कहा कि राज्य में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और बड़ी संख्या में पुल-पुलियों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा, पुल बन रहे हैं तभी कहीं-कहीं गिर भी रहे हैं, लेकिन सरकार किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अपराध और भ्रष्टाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति मंत्री संजय टाइगर ने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीरो टॉलरेंस का मतलब यह नहीं है कि अपराध और भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त हो गया है, लेकिन इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को सरकार संरक्षण नहीं देगी। उन्होंने कहा कि अपराधी और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखना और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है। मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं दरअसल मंत्री संजय टाइगर बक्सर में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति और भारत की बदलती वैश्विक भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का जिक्र करते हुए कहा, भारत न आंख झुकाकर बात करता है और न आंख दिखाकर, बल्कि आंख मिलाकर दुनिया से बात करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हर प्रखंड में खुलेगा डिग्री कॉलेज, एक जुलाई से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी उच्च शिक्षा को लेकर मंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बिहार के हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की योजना पर सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की कोशिश है कि एक जुलाई से नए कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कराई जा सके। इसके लिए सभी जिलों के जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। मंत्री ने कहा कि कॉलेज निर्माण के लिए शहरी क्षेत्रों में ढाई एकड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में पांच एकड़ जमीन चिन्हित करने को कहा गया है। जमीन दान करने वालों के नाम पर होगा कॉलेज का नाम संजय टाइगर ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कॉलेज निर्माण के लिए जमीन दान करता है तो उस कॉलेज के नाम के साथ दानदाता का नाम भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए, ताकि छात्रों को पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़े। विकास, शिक्षा और भ्रष्टाचार पर हुई चर्चा बक्सर दौरे के दौरान मंत्री संजय टाइगर के बयानों ने विकास कार्यों, शिक्षा व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर राजनीतिक चर्चा को तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ जवाबदेही और पारदर्शिता को भी प्राथमिकता दे रही है। आने वाले समय में शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
Source link