
Rabri Devi Bungalow Row: बिहार में लालू यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10, सर्कुलर रोड बंगले को खाली करने के आदेश पर राजनीति गरमाई हुई है। उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए। राबड़ी बंगला खाली नहीं करने पर अड़ी हैं और सरकार को फोर्स बुलाने की चुनौती भी दे दी। वहीं, प्रशासन की ओर से उन्हें 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। इस बीच अब मां को मिले नोटिस पर राबड़ी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
तेज प्रताप ने राबड़ी देवी से पहले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बंगला खाली कराने की बात कह दी। जनशक्ति जनता दल के संस्थापक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सबसे पहले अपना बंगला खाली करना चाहिए। वो जब खाली कर देंगे, तो वो भी (राबड़ी देवी) भी खाली कर देंगी। सरकार 15 दिन का नोटिस नीतीश कुमार को भी दें।
बता दें कि 10, सर्कुलर रोड बंगला अब मत्स्य पालन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। वहीं, लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी को नया बंगला 39, हार्डिंग रोड पर मिला है। बंगला खाली करने के लिए राबड़ी देवी को कई बार नोटिस भी मिल चुका है, लेकिन उन्होंने इसे खाली नहीं किया। वह 2005 से इसी आवास में रह रही हैं।
राबड़ी का बंगला खाली करने से साफ इनकार
शनिवार (30 मई) को पटना में मीडिया से बातचीत में राबड़ी देवी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा, “वे जगह खाली कराने के लिए फोर्स बुला सकते हैं लेकिन मैं उसे खाली नहीं करूंगी। चाहे तो फोर्स बुलाकर सामान फेंकवा दें।”
इसी दिन सचिवालय SDPO अनु कुमारी भारी पुलिस बल के साथ उनके आवास पहुंची थीं। इस दौरान उनके साथ पटना के एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) भी मौजूद थे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने बंगले के अंदर जाकर राबड़ी देवी से काफी देर तक बातचीत भी की थी। सूत्रों के अनुसार उन्होंने फिलहाल बंगला खाली करने से साफ इनकार कर दिया है।