![]()
बक्सर के नया भोजपुर थाना क्षेत्र में मटन व्यवसायी से हुई छह लाख रुपए की लूट का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता पीड़ित का ही परिचित निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बड़का सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही ने ही लाइनर बनकर अपराधियों को लूट की पूरी जानकारी दी थी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। 2 दिन पहले 6 लाख का लिया था कर्ज यह घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे की है। डुमरांव के चिकटोली निवासी मटन व्यवसायी राजा कुरैशी ने पुलिस को बताया था कि सब्जी मंडी के पास हथियारबंद अपराधियों ने उससे छह लाख रुपए लूट लिए। राजा बकरा खरीद-बिक्री का कारोबार करता है और आगामी कुर्बानी पर्व के लिए उसने दो दिन पहले छह लाख रुपए उधार लिए थे। राजा अपने परिचित जियाउल इस्लाम के साथ बक्सर बकरा खरीदने पहुंचा था। उन्होंने चार बकरों का सौदा भी तय किया, लेकिन कीमत पर सहमति नहीं बन पाई और वे वापस लौटने लगे। इसी दौरान जियाउल इस्लाम ने कुछ असामाजिक तत्वों को सूचना दी कि राजा के पास बड़ी मात्रा में नकदी है और उसे आसानी से निशाना बनाया जा सकता है। हथियार के बल पर पैसा लूटा योजना के तहत, जब राजा सब्जी मंडी के समीप एक समोसे की दुकान पर बैठा था, तभी बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने हथियार के बल पर राजा से छह लाख रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए। वारदात के दौरान जियाउल इस्लाम भी आसपास मौजूद रहकर पूरी गतिविधि पर नजर रख रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी ब्रह्मपुर की ओर भाग निकले, जहां उन्होंने लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा किया।
Source link