![]()
किशनगंज के युवक की पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल में हत्या कर दी। 2 दिन पहले बागडोगरा थाना पुलिस ने हंसखोवा चाय बागान से सिर कटा शव बरामद किया था। गुरुवार को आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक की पहचान किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के उदगाड़ा निवासी इमाम खुआ के रूप में हुई है। दरअसल, पत्नी के प्रेमी सुदीप ने सोमवार की दोपहर फोन करके इमाम को किशनगंज से 95 km बागडोगरा बुलाया था। इसके बाद सोमवार की रात ही 5 लोगों ने मिलकर धारदार हथियार से बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए इमाम का सिर धड़ से अलग कर दिया। मंगलवार को सिलीगुड़ी उपमंडल के बागडोगरा स्थित हंसखोया चाय बागान के सेक्शन 9 में मजदूर चाय की पत्तियां तोड़ रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक सिर कटी, खून से लथपथ लाश मिली। सूचना मिलते ही बागडोगरा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। रात भर तलाशी के बावजूद मृतक का सिर नहीं मिल सका। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का नाम इमाम है। वह बिहार के किशनगंज का रहने वाला है और पेशे से तांत्रिक है। उसके ससुराल वाले सिलीगुड़ी में रहते हैं। घटनास्थल से 5 KM दूर मिला सिर इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मोमिना बेगम और उसके प्रेमी बागडोगरा निवासी सुदीप पाल को गिरफ्तार कर लिया। सुदीप के दो भतीजे निताई पाल और बापी पाल तथा उनके मित्र कौशिक नाथ को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को लापता सिर मिल गया। आरोपियों के साथ तलाशी अभियान चलाने के बाद मृतक इमाम का कटा हुआ सिर और हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार फांसीदेवर के तवाजोत जिले के मुंशीबारी गांव में एक सुनसान जगह से बरामद किया गया, जो शव मिलने वाली जगह से लगभग 5 किलोमीटर दूर है। पत्नी का 7 साल से चल रहा था अफेयर सुदीप पाल का मृतक इमाम की पत्नी मोमिना बेगम के साथ पिछले सात सालों से प्रेम संबंध था। इमाम ने जब उनके इस संबंध में बाधा डाली, तो मोमिना और सुदीप ने उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इस योजना को सफल बनाने के लिए सुदीप ने अपने दो भतीजों और उनके एक दोस्त को भी इसमें शामिल कर लिया। पुलिस ने गुरुवार को सभी पांचों गिरफ्तार लोगों को सिलीगुड़ी उपजिला अदालत में पेश किया।
Source link