
Bihar: बिहार में सत्ता संभालने के बाद गुरुवार 7 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। इसे NDA की पावर शो भी माना जा रहा है, क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शपथ ग्रहण के लिए पटना पहुंच चुके हैं, जहां एयरपोर्ट पर खुद CM सम्राट चौधरी स्वागत करने पहुंचे।
इस बीच सूबे की सियासी गलियारों से बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, निशांत कुमार के बिहार कैबिनेट में शामिल होने को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा निशांत कुमार मंत्री बनेंगे तो हम उनका स्वागत करते हैं।’
निशांत कुमार का हम स्वागत करते हैं-जीतन राम मांझी
बिहार कैबिनेट विस्तार में निशांत कुमार के शामिल होने को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा,’निशांत कुमार क्या बिहार के रहने वाले नहीं है, वह कार्यकर्ता नहीं है और बहुत परिवारों के लोग मंत्री बनते हैं ये अगर बनते हैं तो क्या गलत कर रहे हैं अगर निशांत कुमार मंत्री बनेंगे तो हम उनका स्वागत करते हैं।’
पहले मंत्री बनने से कर दिया था इनकार
मिली जानकारी के अनुसार, निशांत कुमार ने पहले मंत्री बनने से इनकार कर दिया था, लेकिन मंगलवार देर रात जेडीयू नेताओं की लंबी बैठक के बाद वे राजी हो गए। बता दें कि इससे पहले निशांत की नाम डिप्टी CM की रेस में थे, मगर उन्होंने पद को स्वीकार करने से मना कर दिया था और कहा था कि फिलहाल वो संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे।
क्या होगा बिहार कैबिनेट विस्तार का फार्मूला?
जानकारी के मुताबिक मंत्रिमंडल में कुल 15-20 मंत्री शपथ ले सकते हैं। बीजेपी से 12-13, जेडीयू से 11-13, एलजेपी (आर) से 2, हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं। वहीं, यह भी बताया जा रहा है कि बिहार में विधायकों की संख्या के हिसाब से मुख्यमंत्री समेत कुल 36 मंत्री बन सकते हैं, इसलिए कुछ सीटें खाली रखी जाएंगी।