![]()
नालंदा जिले के नगरनौसा डिग्री कॉलेज को प्रखंड मुख्यालय में संचालित करने की मांग को लेकर चल रहा गतिरोध हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया। SFI की राज्य अध्यक्ष कांति कुमारी के आह्वान पर स्थानीय छात्रों और संगठनों की ओर आज(18 जून 2026) नगरनौसा में सड़क जाम किया गया था। पुलिस-प्रशासन इस प्रदर्शन को लेकर पहले से ही मुस्तैद था। हिरासत में लेते ही भड़का आक्रोश, जमकर चले रोड़े पुलिस ने जब एहतियातन विरोध-प्रदर्शन में शामिल कुछ प्रमुख चेहरों को अपनी हिरासत में लेना शुरू किया, तो वहां मौजूद स्थानीय लोग और छात्र उग्र हो गए। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ता देख पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठियां भांजी। इस दौरान दोनों तरफ से पथराव हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 7 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात आज हुई हिंसक झड़प के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर नगरनौसा में आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस और भारी संख्या में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस उपद्रवी तत्वों को चिह्नित करने और शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है। ‘डिग्री कॉलेज के विवाद में रोड़ेबाजी’ वहीं, इस संबंध में हिलसा डीएसपी-1 शैलजा ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। कुछ लोगों को डिटेन किया गया है। पुलिस लगातार उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी हुई है। डिग्री कॉलेज के विवाद को लेकर रोड़ेबाजी की गई थी। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए क्या है पूरा मामला ‘दो खेमों में बंटे लोग: मुख्यालय बनाम लोदीपुर’ इस कॉलेज के स्थान निर्धारण को लेकर पहले से ही स्थानीय जनता और छात्र दो खेमों में बंटे हुए हैं। एक गुट का मानना है कि कॉलेज का संचालन नगरनौसा प्रखंड मुख्यालय में ही होना चाहिए, ताकि सभी छात्रों को आवागमन में सुविधा हो। वहीं, दूसरी ओर लोदीपुर के स्थानीय लोगों और छात्र-छात्राओं का एक बड़ा वर्ग लोदीपुर के पक्ष में लामबंद है। इनका तर्क है कि लोदीपुर स्थित मगध विद्यापीठ उच्च विद्यालय के पास 4 एकड़ 63 डिसमिल जमीन और कॉलेज संचालन के लिए 20 पक्के कमरे उपलब्ध हैं। समर्थकों का कहना है कि जब अन्य प्रखंडों में भी मुख्यालय से दूर कॉलेजों का सफल संचालन हो रहा है, तो इतनी बेहतर आधारभूत संरचना को छोड़कर दूसरी जगह जाना तर्कसंगत नहीं है। लंबे समय से सुलग रही थी विरोध की चिंगारी नगरनौसा में डिग्री कॉलेज की मांग काफी पुरानी है। बीते 11 मई को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अंतर्गत ‘कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस पटना’ के राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. प्रो. संजय कुमार ने यहां के प्राचार्य के रूप में पदभार संभाला था। इसके बाद कक्षाएं लोदीपुर स्थित परिसर से शुरू की गई थी। इस फैसले के खिलाफ 20 मई को पहली बार युवाओं ने चक्का जाम किया था। इसके अगले ही दिन 21 मई से प्रखंड कार्यालय पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गई थी। 30 मई को एक बार फिर युवाओं का गुस्सा फूटा और उन्होंने बस स्टैंड के पास सड़क जाम कर दिया था।
Source link