![]()
जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में मंगलवार को डीआरडीए सभागार में टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे टीबी उन्मूलन अभियान के तहत स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच, उपचार और अन्य गतिविधियों की प्रखंडवार समीक्षा की गई। डीएम ने कम उपलब्धि वाले प्रखंडों पर चिंता जताते हुए अगले 10 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लक्ष्य पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर विशेष अभियान चलाने और अभियान को गति देने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में भी होगी स्क्रीनिंग जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीबी स्क्रीनिंग केवल सरकारी अस्पतालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए इंजीनियरिंग कॉलेज, छात्रावास, निजी संस्थानों, घनी आबादी वाले इलाकों, नगर परिषद क्षेत्रों और महादलित टोलों में विशेष स्क्रीनिंग शिविर लगाए जाएं। साथ ही टीबी मरीजों के परिवार के सभी सदस्यों की अनिवार्य जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि संक्रमण की समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित हो सके। दवा वितरण और ऑनलाइन रिपोर्टिंग पर भी जोर बैठक में कम उपलब्धि वाले प्रखंडों को विशेष अभियान चलाकर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को टीबी की दवाओं का नियमित उठाव और मरीजों तक समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा सभी एक्स-रे केंद्रों पर प्रतिदिन जांच की ऑनलाइन प्रविष्टि करने तथा एक्स-रे मशीनों के सुचारु संचालन के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, सीडीओ डॉ. माला सिन्हा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक इकबाल हुसैन सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी संबंधित अधिकारी एवं जिले के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Source link