![]()
नवादा में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) में प्रशिक्षण ले रहे कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह घटना नवादा में हुई, जहां उन्हें इलाज के लिए लाया गया था। मृतक की पहचान गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के सोंधी गांव निवासी रामाश्रय सिंह के बेटे विकास कुमार(35) के रूप में हुई है।
मृतक के साले राजीव कुमार ने बताया कि विकास कुमार राजगीर स्थित ट्रेनिंग सेंटर में पीटीसी का प्रशिक्षण ले रहे थे। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें राजगीर से नवादा लाया गया। यहां एक निजी चिकित्सक के पास ले जाने के दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान तोड़ा दम इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के क्रम में ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। बाद में, राजगीर पुलिस अकादमी के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नवादा सदर अस्पताल में उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया।
विकास कुमार लखीसराय जिला बल के सिपाही थे और 2011 में पुलिस में भर्ती हुए थे। वह राजगीर ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। घटना के बाद उनकी पत्नी पूजा कुमारी, 8 वर्षीय बेटा और 6 वर्षीय बेटी सदर अस्पताल पहुंचे। अपर थानाध्यक्ष राम इकबाल यादव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
Source link