![]()
नवादा के इंदिरा चौक के पास उत्पाद विभाग के कर्मी द्वारा एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। घायल युवक की पहचान सोनेलाल कुमार के रूप में हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए नवादा के सदर अस्पताल से एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। सोनेलाल कुमार ने आरोप लगाया है कि उत्पाद विभाग की गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर ने उन पर हमला किया। उनके अनुसार, उत्पाद विभाग की गाड़ी सामने से आ रही थी और जगह कम होने के कारण साइड देने में थोड़ी देर हो गई। इसी बात पर ड्राइवर ने अचानक गाड़ी से उतरकर लाठी से उन पर हमला कर दिया। सोनेलाल ने इसे बेवजह की मारपीट बताया है। बिहार पुलिस में ड्राइवर के पद पर हुआ चयन पीड़ित युवक सोनेलाल कुमार ने बताया कि उनका चयन बिहार पुलिस में ड्राइवर के पद पर हुआ है। उन्होंने इस घटना के संबंध में नारदीगंज थाना में आवेदन दिया था, लेकिन उन्हें नवादा थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। नवादा थाना में आवेदन देते समय पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है। सोनेलाल कुमार ने उम्मीद जताई है कि सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद नवादा पुलिस दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी। इस घटना ने उत्पाद विभाग की गाड़ी चलाने वाले व्यक्ति की पहचान पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि वह पुलिसकर्मी है या कोई निजी चालक। पुलिस इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।
Source link