![]()
नवादा जिले के हिसुआ प्रखंड की हदसा पंचायत के अमढी गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को हिसुआ पावर हाउस का घेराव किया। यह विरोध पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण किया गया। सूचना मिलने पर हिसुआ विधायक अनिल सिंह भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। बिजली संकट के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों को पीने के पानी और पशुओं के लिए पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग को कई बार शिकायतें दी थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद ही उन्होंने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया। विधायक अनिल सिंह ने मौके पर पहुंचकर जूनियर इंजीनियर (जेई) को बुलाने का प्रयास किया। परेशानियों को अनदेखा करने का आरोप लगाया
हालांकि, घंटों इंतजार के बाद भी जेई वहां नहीं पहुंचे, जिस पर विधायक ने विभागीय लापरवाही पर असंतोष व्यक्त किया। विधायक अनिल सिंह ने अधिकारियों पर मनमानी करने और जनता की परेशानियों को अनदेखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने ग्रामीणों को वरीय अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। बाद में बिजली विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे। विधायक ने एसडीओ से ग्रामीणों के आवेदन की जांच कराई और समस्या के समाधान के लिए अमढी गांव का दौरा भी किया। ग्रामीण बोले- जल्द आंदोलन शुरू करेंगे
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करेंगे। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य उमेश यादव, विधायक प्रतिनिधि बिगन सिंह, हदसा मुखिया राहुल सिंह सहित मंजू देवी, रीता देवी, सुनीता देवी, रवि चौधरी, अशोक कुमार, बीपीन सिंह, संजय चौधरी, दिलीप चौधरी और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
Source link