![]()
दरभंगा में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद स्थित भगवती मंदिर में रविवार देर रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण मंशा सफल नहीं हो सकी। मंदिर में स्थापित मां भगवती के सोने के मुकुट, नथिया, कान के आभूषण, हार समेत लाखों रुपए के जेवरात सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार, देर रात करीब डेढ़ बजे तेज आंधी, बारिश और बिजली गुल रहने के बीच दो अज्ञात युवक मंदिर परिसर में घुस गए। पहले मंदिर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर ग्रिल को उखाड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। इस दौरान आवाज सुनकर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। ‘मंदिर से लोगों की आस्था जुड़ी हुई है’ स्थानीय निवासी प्रो. कुलभूषण झा ने बताया कि रात में तेज तूफान और बारिश हो रही थी। अचानक जोरदार आवाज सुनाई देने पर उन्होंने खिड़की से बाहर झांककर देखा तो मंदिर परिसर में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। उस समय बिजली कटी हुई थी, लेकिन संयोगवश कुछ देर के लिए बिजली आ गई। जिससे चोरों की गतिविधि स्पष्ट हो गई और वे मौके से भाग निकले। घर से बाहर निकलकर पीछा करने जा रहा था, लेकिन परिजन ने यह कहकर रोक दिया कि बदमाशों के पास हथियार हो सकता है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। भगवती मंदिर करीब ढाई सौ वर्ष पुराना है। क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था इससे जुड़ी हुई है। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि चोरी के प्रयास की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। रात होने के कारण तत्काल कुछ विशेष जानकारी नहीं मिल सकी, लेकिन मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
Source link