![]()
दरभंगा के गौड़ाबौराम प्रखंड की नदैई पंचायत स्थित मध्य विद्यालय गनौनी का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में स्कूल कैंपस में टीचर एक जगह बैठकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं, जबकि छात्र-छात्राएं कैंपस में ही इधर-उधर घूमते और खेलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि स्कूल के एक कमरे में गांव के एक व्यक्ति के श्राद्ध भोज की तैयारी चल रही थी, जबकि बच्चों के लिए बने किचन शेड में ताला लटका हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से गांव के एक गरीब परिवार के श्राद्ध भोज के लिए विद्यालय के कमरे का उपयोग किया जा रहा था। किचन शेड में ताला लगा दिखा, रसोइया भी मौजूद नहीं था दैनिक भास्कर रिपोर्टर जब स्कूल पहुंचे तो किचन शेड में ताला लगा मिला और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) नहीं बन रहा था। रसोइया भी मौजूद नहीं था। दूसरी ओर विद्यालय परिसर के एक हिस्से में श्राद्ध भोज के लिए बड़े-बड़े बर्तनों में खाना बनाया जा रहा था। एक कक्षा में शिक्षिकाएं आशा कुमारी, राधा कुमारी और नाजनी बेगम बैठी मिलीं। वहीं कार्यालय कक्ष में बाबूल कुमार सिंह, शंभु राम, जितेंद्र कुमार गुप्ता और बैजनाथ यादव मौजूद थे। विद्यालय प्रभारी निरंजन यादव भी मौके पर मिले। हालांकि विद्यालय में कुल 12 शिक्षक पदस्थापित हैं, लेकिन संजय साहू, अरविंद सिंह, सुदर्शन सिंह और पवन पासवान मौके पर अनुपस्थित पाए गए। बच्चों ने भी बताया कि विद्यालय में नियमित रूप से मध्याह्न भोजन नहीं मिलता और सोमवार को भी भोजन नहीं बना था। प्रभारी का दावा और मौके की हकीकत जब विद्यालय प्रभारी निरंजन यादव से किचन शेड बंद होने और एमडीएम नहीं बनने के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने दावा किया कि विद्यालय में भोजन बन रहा है और सभी 12 शिक्षक उपस्थित हैं। लेकिन मौके पर किचन शेड बंद मिला और भोजन बनने का कोई प्रमाण नहीं दिखा। विद्यालय परिसर में श्राद्ध भोज तैयार होने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि गांव के लोग यहां केवल बैठक कर रहे हैं। अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश एमडीएम प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि प्राप्त शिकायत की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। बच्चों के मध्याह्न भोजन के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं गौड़ाबौराम के प्रभारी बीईओ सुजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही विद्यालय प्रभारी निरंजन यादव तथा अनुपस्थित पाए गए चारों शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला गौरतलब है कि कुछ समय पहले दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के मध्य विद्यालय कोयलास्थान में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां पंचायत के मुखिया द्वारा अपने पुत्र के मुंडन समारोह के लिए विद्यालय परिसर में लगभग तीन दिनों तक पंडाल लगाकर भव्य आयोजन किया गया था, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्कालीन प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया था।
Source link