
Tej Pratap Yadav news: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के आवास पर चोरी हो गई है। उनके पटना स्थित आवास से 20 लाख रुपये कैश समेत कई कीमती सामान गायब हुआ है। चोरी की शिकायत लेकर पटना के सचिवालय थाने पहुंचे। उन्होंने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
तेज प्रताप के घर से क्या-क्या चोरी हुआ?
तेज प्रताप यादव की शिकायत के बाद घटना की जांच के लिए पुलिस उनके आवास पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 22 जून को 42 हार्डिंग रोड आवास से मोतीलाल राय ने चोरी की। शिकायत में बताया गया कि उनकी अलमारी से 20 लाख रुपये कैश के साथ 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोनी की चार पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनेवो का लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन की चोरी हुई है। तेज प्रताप के मुताबिक, 20 लाख रुपये उनकी पार्टी के फंड के थे।
JJD अध्यक्ष ने बताया कि उनके ड्राइवर और एक साथी ने मोतीलाल राय को देर रात 11.30 बजे मोतीलाल को एक बैग लेकर उनके आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा है और दोनों इस मामले में गवाह हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि मोतीलाल राय को गिरफ्तार करें और उनका चोरी हुआ सारा सामान बरामद कर उन्हें वापस करने में मदद की जाए।
ऐसा पहली बार नहीं जब तेज प्रताप यादव ने अपने घर में चोरी का आरोप लगाया हो। चार साल पहले 2022 में भी चोरी हुई थी। तब उन्होंने अपने घर में काम करने वाले शख्स पर आरोप लगाया था। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया था कि चंदन नाम का युवक उनके घर की देखरेख करता था। वे घर में रखे सामान और कैश लेकर फरार हो गया। तेज प्रताप ने आईफोन सहित तीन बैग चुराने का आरोप लगाया था।