![]()
जहानाबाद में सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला हुआ। इस हमले में अविनाश कुमार सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा किए गए सड़क जाम के दौरान हुई। घटना शकुराबाद सड़क पर बभना गांव के समीप हुई। चिकसौरा गांव निवासी सुमित्रा देवी अपने पति राहुल कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। सुमित्रा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इस खबर के फैलते ही आसपास के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। नगर थाने की पुलिस को सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जाम हटाने का प्रयास करने लगे। पुलिस 6 लोगों के खिलाफ FIR की दर्ज एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस लोगों से बातचीत कर रही थी, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम को हटाया और यातायात को सुचारु किया। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। पुलिस पर हमला करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को किया जब्त पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका चालक फरार है। पुलिस ट्रक के मालिक और चालक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
Source link