Newswahni

जहानाबाद में एक ही रात दो घरों में चोरी चोरों ने लाखों के गहने नकदी चुराए पुलिस जांच में जुटी…




जहानाबाद के राजाबाजार स्थित शिक्षक कॉलोनी में बीती रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। एक ही रात में हुई इन दो बड़ी चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पहली चोरी राजेश कुमार के घर में हुई। उनके पुत्र रविरंजन कुमार ने बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटकर उस कमरे में प्रवेश किया, जहाँ आभूषण और नकदी रखी थी। अंदर घुसने के बाद चोरों ने दरवाजा भीतर से बंद कर आराम से वारदात को अंजाम दिया। रविरंजन कुमार के अनुसार, गोदरेज में उनकी मां, पत्नी और पिछले वर्ष विवाहित हुई बहन के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। चोर लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के गहने और 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला। इसी मोहल्ले में चोरों ने रवींद्र कुमार के घर को भी निशाना बनाया। रवींद्र कुमार ने बताया कि चोर खिड़की तोड़कर घर में घुसे और उनकी माता के बक्से तथा सूटकेस खंगाल डाले। चोर यहाँ से चेन, जीतिया, पायल सहित लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। इस चोरी का पता भी परिवार को सुबह जागने पर चला। एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्ती व्यवस्था प्रभावी नहीं दिख रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी उमेश प्रसाद ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top