![]()
जमुई रेलवे स्टेशन पर पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस के पहले ठहराव की तैयारी है। शुक्रवार सुबह 9:45 बजे ट्रेन के स्वागत के लिए स्टेशन परिसर को सजाया गया है। सांसद अरुण भारती, मंत्री श्रेयसी सिंह और रेल अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। हालांकि, इस दौरान स्टेशन पर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्लेटफॉर्म संख्या-1 और 2 पर पिछले सात महीनों से पुराने फुट ओवरब्रिज का मलबा पड़ा हुआ है। इस मलबे को छिपाने के लिए एक बड़े प्लास्टिक से ढक दिया गया है। मलबे को हटाने की आवश्यकता नहीं समझी वंदे भारत के स्वागत से पहले रेलवे ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया, रंग-रोगन किया और कूड़ा-कचरा हटाया। लेकिन यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इस मलबे को हटाने की आवश्यकता नहीं समझी गई। लोहे और कंक्रीट के इस मलबे के कारण कई यात्री चोटिल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ी ट्रेनों के ठहराव के दौरान प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में यह मलबा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। संबंधित विभाग को सूचना दी जा चुकी इस मामले पर स्टेशन प्रबंधक नीतीश कुमार ने बताया कि फुट ओवरब्रिज की सीढ़ी काटने का काम जिस एजेंसी को दिया गया था, वह बीच में ही काम छोड़कर चली गई। उन्होंने कहा कि यह मामला रेलवे की आरओडब्ल्यू से संबंधित है और संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी जा चुकी है। विभाग को दोबारा अवगत कराया जाएगा।
Source link