![]()
जमुई में सिखों के तीसरे गुरु अमर दास जी की जयंती के अवसर पर रविवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के नेतृत्व में सनातन एकता समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शहर के पुरानी बाजार स्थित श्री रामकृष्ण गौशाला मंदिर परिसर में हुई, जिसकी अध्यक्षता विहिप के जिला मंत्री कुंदन यादव ने की। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान, पूर्व में प्रशासन द्वारा रोकी गई रामनवमी यात्रा के मुद्दे पर व्यापक चर्चा हुई। बजरंग दल के सदस्यों ने इस फैसले पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय बताया और प्रशासन से पुनर्विचार की मांग की। लव जिहाद के मामलों पर भी चिंता जताई
इसके साथ ही, नगर परिषद क्षेत्र में बढ़ रहे कथित धर्मांतरण और लव जिहाद के मामलों पर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में जागरूकता और एकजुटता के माध्यम से ही ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। जिले में बढ़ती गौ तस्करी की घटनाओं को लेकर गोरक्षकों ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। अध्यक्षता कर रहे कुंदन यादव ने गौशाला की दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके समुचित रखरखाव और सुधार के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया। अंबेडकर जयंती कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की
कुंदन यादव ने यह भी कहा कि गौशाला के अध्यक्ष पद पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) होते हैं, ऐसे में यहां जल्द चुनाव कराए जाने की मांग प्रशासन से की जानी चाहिए। बैठक में अंबेडकर जयंती कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की गई। जिला गौ रक्षा प्रमुख शुभम कलवार ने संगठन की एकता और मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी बैठकों का उद्देश्य सामाजिक समरसता और संगठनात्मक शक्ति को बढ़ाना है। इस दौरान झाझा के बलियाडीह निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता भोला यादव पर दर्ज डकैती के मामले को भी उठाया गया। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की बात कही
जिसे संगठन ने दुर्भावनावश बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। पूर्व एबीवीपी कार्यकर्ता संतोष राणा ने भी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की बात कही। साथ ही आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी तय की गई। इस अवसर पर जिला सह मंत्री उपेंद्र शर्मा, जिला संयोजक राजा केसरी, नगर संयोजक अभिषेक कुमार, बबलू विश्वकर्मा, नीरज चंद्रवंशी, छोटू शर्मा, रोशन शर्मा, पुष्कर शाह, महेश शाह, ऋषभ केसरी, मनीष कुमार शाह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link