
Kanpur cyber fraud: कानपुर साइबर पुलिस ने एक ऐसे ठग गिरोह का खुलासा किया है, जो शादी करने की चाह रखने वाले युवकों को खूबसूरत दुल्हन का सपना दिखाकर ठगता था। घंटों फोन पर मीठी बातें करके विश्वास दिलाया जाता था और फिर रकम ऐंठी जाती थी।
कानपुर साइबर पुलिस ने इस संगठित गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। लोगों के भरोसे और सपनों को ठगने के लिए इन शातिर ठगों ने ऑफिस और कॉल सेंटर तक बना रखा था। शादी के बड़े-बड़े सपने दिखाकर ठगने के लिए ये आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने अपना कारोबार ‘परफेक्ट रिश्ते’, ‘शादी मैच’ और ‘शादी मैच इंडिया’ जैसे नामों से चलाया हुआ था। कॉल सेंटर में बैठी महिलाएं खुद को दुल्हन या उसकी परिवार की सदस्य बताकर पीड़ितों से घंटों मीठी-मीठी बातें करती थीं।
गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और शादी वाली वेबसाइटों से युवकों की जानकारी इकट्ठा करते थे। उसके बाद AI तकनीक और फोटो एडिट करके आकर्षक लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल तैयार की जाती थीं। कॉल सेंटर में बैठी महिलाएं इन प्रोफाइल के नाम पर फोन करती थीं। वे घंटों बातें करके युवकों को यकीन दिलाती थीं कि रिश्ता बिल्कुल असली है और जल्दी शादी हो जाएगी।
रिश्ता पक्का होने का भरोसा दिलाने के बाद वे पैसे मांगने लगते थे। शुरुआत में छोटी रकम मांगी जाती थी, जैसे रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोफाइल फीस, परिवार की सहमति के नाम पर पैसे और सुरक्षा जमा राशि। जैसे-जैसे युवक विश्वास करने लगते, वैसे-वैसे और ज्यादा पैसे मांगे जाते थे। कई बार उन्हें यह भी बताया जाता था कि लड़की के परिवार ने भी पैसे जमा कर दिए हैं, अब आप भी जल्दी पैसे भेज दो। शादी की जल्दबाजी और रिश्ता टूटने के डर से युवक बार-बार पैसे भेजते रहते थे।
अगर कोई युवक ठगी का शिकार होकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराता, तो गिरोह के लोग उसे फोन करके समझौता करने या शिकायत वापस लेने के लिए मनाते थे। उनका मकसद सिर्फ इतना था कि उनका पूरा नेटवर्क बच जाए।
कानपुर साइबर पुलिस ने इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने पाया कि यह गिरोह देशभर के युवकों को निशाना बना रहा था। शादी का सपना दिखाकर ठगने वाले ऐसे गिरोहों से बचने के लिए सतर्क रहना बहुत जरूरी है। ऐसी ठगी से बचने के लिए किसी भी शादी वाली वेबसाइट या ऐप पर पैसे भेजने से पहले अच्छी तरह सोचें। AI से बनी फोटो पहचानने की कोशिश करें, फोटो में चेहरा थोड़ा अस्वाभाविक लगे तो सावधान रहें। रजिस्ट्रेशन या कोई भी फीस मांगने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।