![]()
लखीसराय के नगर थाना क्षेत्र स्थित गढ़ी बिशनपुर गांव के बहियार में रविवार को खेत की आरी (मेढ़) को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस विवाद में दोनों पक्षों के सात से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक पक्ष से भोला यादव, लोचन यादव और महेश यादव शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से कृष्ण यादव, नथुनी यादव और बिरजू यादव घायल हुए हैं। अन्य घायलों के नाम की जानकारी जुटाई जा रही है। सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, खेत की मेड़ और आरी को लेकर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग कुदाल और लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। इस दौरान कई लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच विवाद के वास्तविक कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जमीन और खेत की आरी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रख रही है ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो।
Source link