Newswahni

खगड़िया में परीक्षा को प्रशासन अलर्ट से अप्रैल तक केंद्रों पर होगी आयोजित मोबाइल स्मार्ट वॉच पहनकर न आएं…




खगड़िया में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यह परीक्षा 14, 15, 17, 18, 20 और 21 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली की अवधि 2 घंटे निर्धारित है। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश का समय भी निर्धारित किया गया है। प्रथम पाली के लिए सुबह 8 से 9 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए 01:00 से 01:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए शनिवार को एसपी राकेश कुमार और डीडीसी श्वेता भारती की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जेएनकेटी, कोशी कॉलेज, महिला कॉलेज, बीएड टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज राको, सेंट जेवियर्स स्कूल बछौता, प्लस टू एसआर विद्यालय और राष्ट्रीय उच्च विद्यालय गोगरी जैसे केंद्र शामिल हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर केंद्र अधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। कदाचार रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त, परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास की फोटोस्टेट दुकानों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचकर निर्धारित नियमों का पालन करने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने में सहयोग करने की अपील की है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top