
Mobile Emergency Alert: क्या आज, 11 बजकर 40 मिनट के आसपास आपके फोन पर भी तेज आवाज में ‘खतरे’ की घंटी बजी है? अचानक स्क्रीन पर ‘इमरजेंसी सीवियर अलर्ट’ (Extremely Severe Alert) का मैसेज देखकर घबराहट होने लगी? अगर हां, तो इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है। यह तेज आवाज के साथ आने वाला एक इमरजेंसी अलर्ट है जो कि भारत सरकार के राष्ट्रीय प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा भेजा गया टेस्ट मैसेज है।
दरअसल, सुबह अचानक तेज आवाज के साथ फोन की घंटी बजी जिसमें एक अलर्ट मैसेज भी था। इसमें लिखा था, ‘भारत ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की है, जिससे नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना मिल सकेगी। सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र। इस संदेश को प्राप्त करने पर जनता को कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है। यह एक परीक्षण संदेश है। भारत सरकार।’
इमरजेंसी अलर्ट मैसेज भेजने का मकसद क्या?
यह देखकर कुछ लोग काफी घबरा गए और इसे किसी तरह का खतरा समझने लगे। लेकिन यह किसी तरह का खतरा नहीं है, बल्कि आपकी सुरक्षा की तैयारी है। इससे देशभर में नए वायरलेस इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम की जांच की जा रही है। इसका मकसद आपदा या किसी तरह की आपात स्थिति में जनता तक सूचना पहुंचाना है।
दूरसंचार विभाग, भारत सरकार ने इस अलर्ट (Government Alert Message) से संबंधित जानकारी देते बताया कि अगर आपके फोन पर अलर्ट मैसेज मिलता है तो आपको बिल्कुल घबराने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। यह मैसेज इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम के टेस्ट का हिस्सा है, ताकि आपदा के दौरान सही जानकारी समय पर मिल सके। टेस्ट के दौरान यह संदेश बार-बार दिखाई दे सकता है। ऐसे में आप इसे अनदेखा करें। आपको कुछ भी करने की जरूरत नहीं है।
134 बिलियन से ज्यादा SMS अलर्ट भेजे
भारत सरकार के मुताबिक, इस इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम की मदद से प्राकृतिक आपदाओं, मौसम चेतावनियों और चक्रवाती घटनाओं के दौरान एक से ज्यादा भारतीय भाषाओं में 134 बिलियन से ज्यादा SMS अलर्ट भेजे हैं। यह टेस्ट देशभर में सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली (Cell Broadcast Alert) की तैयारियों को और मजबूत बनाने का हिस्सा है।