![]()
किशनगंज जिले में चोरों का आतंक लगातार जारी है। अब चोरों ने शिक्षा के मंदिरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। दिघलबैंक प्रखंड के तुलसिया पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय जनता हाट में सात महीने में पांचवीं बार चोरी की घटना हुई है। इस बार चोरों ने स्कूल के मुख्य दरवाजे का चदरा तोड़कर मिड-डे-मील (MDM) के लिए रखा चावल चुरा लिया। सोमवार सुबह गर्मी की छुट्टी के बाद जब शिक्षक स्कूल पहुंचे, तो उन्होंने मुख्य दरवाजे का चदरा टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर पता चला कि MDM का चावल गायब है। चोरों ने दरवाजे पर लगे तीन मजबूत तालों को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन जब वे इसमें नाकाम रहे, तो उन्होंने दरवाजे का चदरा ही तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पोस्टिंग हुए महज छह-सात महीने ही हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रीतम कुमार ने बताया कि उन्हें यहां पोस्टिंग हुए महज छह-सात महीने ही हुए हैं और इस दौरान यह पांचवीं चोरी की वारदात है। इससे पहले भी चोर चार बार पंखा, मोटर समेत कई जरूरी सामान चुरा ले गए हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार चोरी के कारण स्कूल के जरूरी कागजात और अन्य सामान सुरक्षित रखना मुश्किल हो गया है। इस घटना की सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) नरेश मंडल और दिघलबैंक थाना को दे दी गई है। BEO नरेश मंडल ने जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि स्कूल बंद था और आज खुलने पर चोरी का पता चला। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी कई बार चोरी हुई है और विभाग व पुलिस को इसकी सूचना दी गई है। BEO ने मौके पर जाकर निरीक्षण करने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सुरक्षा बढ़ाने और रात में पुलिस गश्ती की मांग लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने विद्यालय की सुरक्षा बढ़ाने और रात में पुलिस गश्ती की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अब स्कूलों को भी नहीं छोड़ रहे हैं।
Source link