![]()
किशनगंज में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे महिला के पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जिला मुख्यालय से सटे टेउसा पंचायत के ठऔआ पाड़ा झारबाड़ी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर से हुआ। मृतकों की पहचान टेउसा पंचायत के टेउसा पूरब टोला निवासी सगुफ्ता प्रवीण (28) और उनकी 5 महीने की बेटी मारिया खातून के रूप में हुई है। सगुफ्ता प्रवीण के पति जुबेर आलम हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी और सदर विधायक हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज और ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर हादसे को लेकर छानबीन की। घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक कमरूल हुदा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना जताई और दुख की इस घड़ी में साथ रहने की बात कही। परिजनों ने पोस्टमार्टम और केस दर्ज कराने से किया इनकार पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिवार ने बाइक चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कराने की भी बात कही। मृतका के ससुर नजीर हुसैन ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया है। विधायक कमरूल हुदा ने कहा कि बाइक अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ। वहीं, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद मोइनुद्दीन ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में महिला और बच्ची की मौत हुई है, जबकि महिला का पति घायल है।
Source link