![]()
नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को बहादुरगंज में छात्र प्रदर्शन हिंसक हो गया। उपद्रवियों ने दुकानों, वाहनों और निजी संपत्तियों में तोड़फोड़ की। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव भी किया गया, जिसमें कई अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बहादुरगंज कॉलेज मैदान में छात्र शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। वे नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों का एक समूह हाथों में तख्तियां लेकर बाजार क्षेत्र की ओर बढ़ गया। झांसी रानी चौक से होते हुए जुलूस एलआरपी चौक पहुंचा, जहां अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दुकानों में की गई तोड़फोड़ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्र भीड़ ने एलआरपी चौक और मार्केटिंग यार्ड के आसपास कई दुकानों में तोड़फोड़ की। कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि कुछ स्थानों पर लोगों के आशियानों और निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार झा और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरुण कुमार सरदार के वाहनों को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। उग्र भीड़ ने दोनों अधिकारियों की गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की गई, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। इस हिंसक झड़प में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-1, एसडीपीओ-2, बीडीओ अरुण कुमार सरदार और बहादुरगंज के अपर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी व प्रशासनिक अधिकारी घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार कराया गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया तथा आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद उपद्रवियों को मौके से खदेड़ा गया और पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि अब तक 21 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर की जा रही है। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अधिकारियों पर हमला करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बहादुरगंज में स्थिति नियंत्रण में है। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Source link