![]()
कारगिल विजय दिवस पर रविवार को वीर जवानों को याद किया जा रहा है। जो देश की रक्षा में शहीद हुए थे। बेगूसराय में जीडी कॉलेज में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की ओर से शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने कॉलेज परिसर में पौधरोपण किया। पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए हर-हर महादेव चौक तक जागरूकता रैली निकाली। प्राचार्य प्रो. भूपेंद्र नारायण ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, वीरता और बलिदान का प्रतीक है। देश के वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत की सीमाओं की रक्षा की। जिसका ऋण देशवासी कभी नहीं चुका सकते। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। शहीदों का बलिदान हर भारतीय के लिए प्रेरणा एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) अजीत कुमार ने कहा कि कारगिल युद्ध के शहीदों का बलिदान हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कैडेट्स से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना है।
राष्ट्रभक्ति-पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों से जागरूकता फैलाई एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रीय चेतना का संचार करते हैं। वहीं, वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. केतन कुमार ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। पौधरोपण के बाद एनसीसी कैडेट्स ने हाथों में तिरंगा और देशभक्ति से जुड़े संदेशों वाले बैनर लेकर कॉलेज परिसर से हर-हर महादेव चौक तक रैली निकाली। रैली के दौरान कैडेट्स ने राष्ट्रभक्ति-पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। राहगीरों-स्थानीय लोगों ने भी कैडेट्स की सराहना की। एबीवीपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री अजीत चौधरी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट अमन कुमार, तन्नू कुमारी, शिवम, अभिषेक, सूरज, अंशु सहित बड़ी संख्या में अन्य ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयकारों-वंदे मातरम के उद्घोष के साथ हुआ।
शहीदों को कारगिल विजय दिवस पर शत-शत नमन- गिरिराज वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि कारगिल की बर्फीली चोटियों पर भारत माता के स्वाभिमान की रक्षा करते हुए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले हमारे अमर शहीदों को कारगिल विजय दिवस पर शत-शत नमन। भारतीय सशस्त्र बलों का त्याग, अनुशासन और देशभक्ति हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगी। वीर जवानों की इस अमर गाथा पर पूरे देश को गर्व है। कारगिल विजय दिवस हमें उन अमर बलिदानों की याद दिलाता है, जिन्होंने भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा किया। आज का भारत उनके बलिदान को याद करने के साथ-साथ अपनी रक्षा शक्ति को भी लगातार मजबूत बना रहा है। स्वदेशी युद्धपोत, लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और मिसाइल इस बात का प्रमाण हैं कि भारत आत्मनिर्भर रक्षा क्षेत्र की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यही वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
Source link