Newswahni

कम फीस बन रही आफत खान सर ने पड़ोसी कोचिंग संचालकों पर लगाया फायरिंग करवाने का आरोप बोले आरोपियों को छोड़ेंगे नहीं…



Khan Sir Coaching Center Firing: बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार (2 जून) देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मशहूर टीचर ‘खान सर’ के कोचिंग सेंटर (खान जीएस रिसर्च सेंटर) के बाहर उपद्रवियों ने हंगामा किया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी और कथिततौर पर फायरिंग की गई, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। इस गोलीबारी में एक सिक्योरिटी गार्ड घायल हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।

घटना की सूचना मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा और टाउन एसडीपीओ-1 राजेश रंजन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

कोचिंग सेंटर्स के आपसी विवाद का मामला

SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि यह पूरी घटना कोचिंग संस्थानों के बीच आपसी कंपटीशन के कारण हुई है। पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि उपद्रवियों ने कोचिंग सेंटर का गेट तोड़ने की कोशिश की। हालांकि, फायरिंग की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है और इसकी जांच की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान- SSP

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगालने में जुट गई है। एसएसपी का कहना है कि फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

एसएसपी कार्तिकेय ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘यह मारपीट से जुड़ा मामला है। सिक्योरिटी गार्ड को चोटें आई हैं। उनका और आसपास के लोगों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।’

कम फीस में पढ़ाने पर हो रही दिक्कत- खान सर

वहीं इस घटना को लेकर खान सर ने कहा, ‘दूसरे कोचिंग वाले चाहते हैं कि मैं इतनी कम फीस में क्यों पढ़ा रहा हूं और हमें इतने शानदार नतीजे क्यों मिल रहे हैं। हम प्रशासन से अपील करते हैं कि सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखें और यह समझें कि गरीबों को भी शिक्षा का अधिकार है। जब हजारों की संख्या में नतीजे आते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को खतरा महसूस होने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें दबा सकते हैं। हमलावरों ने ऑफिस में पूरी तरह तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं।’

पास के कोचिंग संचालकों ने चलवाई गोलियां- खान सर

उन्होंने आगे कहा, ‘CCTV फुटेज अधिकारियों को सौंप दिया गया है। हमारे सुरक्षा गार्ड ने भी हमलावरों की पहचान कर ली है। ये पास के कोचिंग सेंटर के लोग हैं। हमें सुरक्षा चाहिए।’

पहले भी बम से उड़ाने की दे चुके हैं धमकी- खान सर

खान सर ने आगे कहा कि यह प्रशासन के संभालने का मामला है। यह हर किसी के लिए जाहिर है कि इसके पीछे पास का कोचिंग संस्थान है। उन्होंने तो बयान भी दिए हैं जिनमें उन्होंने कहा है कि वे खान सर के कोचिंग सेंटर को बम से उड़ा देंगे।’

शुरुआती जानकारी के अनुसार, कोचिंग सेंटरों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में यह गोलीबारी की घटना हुई है। बताया यह भी जा रहा है कि कोचिंग संचालक खान सर और ज्ञान बिंदु के बीच पुराना विवाद रहा है।

यह भी पढ़ें: पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर ताबड़तोड़ गोलीबारी, जांच जारी



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top