![]()
औरंगाबाद शहर में मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। कार्रवाई में भारी मात्रा में कच्चा स्प्रिट बरामद किया गया है, वहीं मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया है। नगर थाना की पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के कथरुआ इलाके के एक मकान में अवैध रूप से शराब निर्माण का कार्य किया जा रहा है। थानाध्यक्ष बबन बैठा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मकान की तलाशी ली गई, जहां एक कमरे में छिपाकर रखी गई कच्ची सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 6 गैलेन में कुल 210 लीटर कच्चा स्प्रिट जब्त की, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने कथरुआ निवासी चंदन कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी चंदन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह झारखंड के हजारीबाग से कच्ची स्प्रिट लाता था और उसी से स्थानीय स्तर पर अवैध शराब तैयार कर उसकी बिक्री करता था। अन्य तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है, ताकि इस अवैध धंधे की जड़ तक पहुंचा जा सके। थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि पुलिस लगातार नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
Source link