![]()
औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के एरका चेक पोस्ट पर ऑन ड्यूटी पुलिस पदाधिकारी के साथ कथित मारपीट मामले में नया मोड़ आ गया है। गिरफ्तार ट्रक मालिक मनोज कुमार वर्मा के भतीजे प्रकाश कुमार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपने चाचा को फर्जी मुकदमे से दोषमुक्त करने की मांग की है। आवेदन में कुटुंबा थानाध्यक्ष पर झूठा मामला दर्ज करने, दुर्व्यवहार और साजिश के तहत गिरफ्तार करने का आरोप लगाया गया है। प्रकाश कुमार ने कहा है कि गुरुवार की सुबह करीब 3:45 बजे ड्राइवर का फोन आया। उसने बताया कि चेक पोस्ट से गाड़ी को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। इसके बाद वह अपने चाचा के साथ मौके पर पहुंचा। ट्रक को केवल अंबा ब्लॉक मोड़ स्थित उनके आवास तक जाना था। क्षतिग्रस्त दोमुहान पुल की ओर नहीं जाना था। उन्होंने आग्रह किया कि यदि संदेह हो तो किसी पुलिसकर्मी की निगरानी में ट्रक को घर तक जाने दिया जाए। पुलिस पर कार्रवाई की मांग आवेदन में आरोप लगाया गया है कि चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वाहन छोड़ने के बदले रुपए मांगने का इशारा किया। बिना पैसे दिए ट्रक आगे नहीं जाने देने की बात कही। प्रकाश कुमार का दावा है कि जब उनके चाचा ने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज की। बाद में उन्हें हिरासत में लेकर कुटुंबा थाना ले जाया गया। आवेदन में यह भी कहा गया है कि थानाध्यक्ष ने अभद्र व्यवहार किया और झूठी कहानी बनाकर फर्जी प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मनोज कुमार वर्मा हृदय रोग से पीड़ित हैं और उनका इलाज चल रहा है, जिसका चिकित्सीय प्रमाण भी आवेदन के साथ संलग्न किया गया है। पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करने की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा मामले का राज जानकारी के मुताबिक चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम की ओर से पहले से ही सीसीटीवी लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच से मामले का खुलासा हो सकता है। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व भी ट्रक पार करने के दौरान ड्राइवर और पुलिस के बीच कहासुनी हुई थी।
Source link