
Dead Body Marriage Demand: मुंबई के पीजी रूम में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर कीर्थि ने कथित रूप से इसलिए आत्महत्या कर ली क्योंकि, उसके बॉयफ्रेंड ने उससे शादी करने से मना कर दिया था। बेटी की मृत्यु के बाद परिजनों ने अजीबोगरीब फैसला लिया और बेटी की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए पोस्टह्यूमस विवाह (मृत्यु के बाद शादी) की मांग रखी। मृतिका के परिजन शव को लेकर बॉयफ्रेंड के घर पहुंच गए और वहां शादी की मांग रखी।
दरअसल, कीर्थि मुंबई में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करती थी। परिवार के मुताबिक वो साई सुमंत नामक युवक से प्रेम करती थी, जो कतर में हार्डवेयर इंजीनियर है। दोनों की शादी की बात चल रही थी, लेकिन कुछ मतभेदों के चलते शादी टल गई। जिसके बाद 14 जुलाई की शाम पीजी के रूम में कीर्थि ने आत्महत्या कर ली। पीजी संचालक ने बंद दरवाजा तोड़कर देखा तो कीर्थि पंखे से लटकी हुई थी।
इसके बाद कीर्थि को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कीर्थि के परिजन मुंबई से शव लेकर सीधे सुमंत के पैतृक गांव पोंडुरु पहुंच गए। उन्होंने सुमंत के घर के सामने शव रखकर मांग की कि वो कतर से लौटकर बेटी के गले में मंगलसूत्र बांधे। इसको लेकर दोनों परिवारों के बीच काफी देर तक विवाद चला।
तंगुटुरु पुलिस के मुताबिक, काफी समझाने-बुझाने के बाद सुमंत का परिवार अंतिम संस्कार गांव में करने पर राजी हो गया। इसके बाद कीर्थि का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऐसे मामले कानूनी और सामाजिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील होते हैं। आत्महत्या जैसी घटनाओं में प्रेम-विच्छेद जैसे कारणों को लेकर मामले की जांच में अलग-अलग एंगल से की जाएगी, पुलिस जांच के नतीजे आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।