![]()
बिहार शरीफ प्रखंड के बियाबानी गांव में प्रजापति समाज के विकास और एकजुटता को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति के तत्वावधान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान समाज भवन निर्माण के लिए नींव रखी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोग और युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए मील का पत्थर बताया। समन्वय समिति के वर्तमान जिला अध्यक्ष सुबोध पंडित ने कहा कि समाज का अपना भवन होना समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भवन निर्माण से प्रजापति समाज के लोगों को एक साझा मंच प्राप्त होगा, जिससे एकजुट होने, महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठकें करने, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन में काफी सहूलियत मिलेगी। उनके अनुसार, यह केंद्र आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनेगा।
भवन निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा जिला सचिव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह भवन मात्र एक ढांचा नहीं, बल्कि समाज के संगठन और विकास को नई मजबूती प्रदान करने का प्रतीक होगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान संरक्षक मंगल पंडित, पूर्व जिला अध्यक्ष जनार्दन पंडित, सुजीत पंडित और दिनेश पंडित ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सैकड़ों लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे सामूहिक सहयोग से भवन निर्माण कार्य को शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण कराएंगे। इस मौके पर समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और शिक्षा के प्रसार पर भी चर्चा की गई।
Source link