
Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम अब थोड़ा बदल रहा है। IMD के मुताबिक, आने वाले 2 दिनों तक तेज सर्द हवाओं का असर बना रहेगा, लेकिन दिन में धूप निकलेगी, वहीं, हवाओं की वजह से हल्की ठंड का अहसास बना रहेगा। सुबह के वक्त हल्का कोहरा छाया रह सकता है। बीते कल दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा है। दिन चढ़ने के साथ धूप निकली और मौसम खुशनुमा रहा।
अगले 2 दिन तेज सर्द हवाओं का सितम
IMD ने पोस्ट कर लिखा कि, ‘दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से 5 फरवरी-6 फरवरी और 9-10 फरवरी को वेस्टर्न हिमालयी इलाके में कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। अलर्ट रहें और उसी हिसाब से प्लान बनाएं।’ आज 5 फरवरी 2026 को दिल्ली-NCR के कई इलाकों में कोहरा देखा गया, लेकिन दिनभर आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी, साथ ही हवाओं की वजह से ठंड ज्यादा महसूस होगी।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार (6 फरवरी) से आंशिक हल्के बादल छाए रहेंगे। 6 से 10 फरवरी तक दिल्ली-NCR में आंशिक बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। 8 से 10 फरवरी को हवा की रफ्तार धीमी हो जाएगी। न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जाएगी।
कुल मिलाकर फरवरी का मौसम अब सामान्य से थोड़ा बेहतर हो रहा है। प्रदूषण की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, बुधवार (4 फरवरी) को दिल्ली का औसत AQI 339 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है।अच्छी खबर यह है कि अगले तीन दिनों तक हवाओं की अच्छी रफ्तार से प्रदूषण में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि, हवा पूरी तरह साफ होने में अभी वक्त लगेगा।
सुबह के वक्त ठंड इसी तरह फिलहाल जारी रहेगी और प्रदूषण से बचने की सलाह भी जी जाती है। बाहर निकलते वक्त मास्क का इस्तेमाल करें। इसके अलावा, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 5, 6, 9 और 10 फरवरी को कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है, लेकिन दिल्ली-NCR में इसका असर सिर्फ बादलों और हवाओं के रूप में ही दिखेगा। लोगों को सलाह है कि मौसम के हिसाब से कपड़े पहने और IMD का ताजा अपडेट चेक करने के बाद ही यात्रा की प्लानिंग करें।