Newswahni

साहब तत्काल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कीजिए प्रेम प्रसंग के मामले में मारपीट के बाद कार्रवाई नहीं होने पर भड़कीं मैथिली ठाकुर पीड़ित…




अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर सोमवार को कुर्शों गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रेम प्रसंग के मामले में शादी के बाद लड़के के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट मामले का संज्ञान लिया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है, जिससे वे भय और असुरक्षा के माहौल में रह रहे हैं। इस पर विधायक ने तत्काल सकतपुर थानाध्यक्ष को फोन कर अविलंब आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। विधायक मैथिली ठाकुर ने थानाध्यक्ष से कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि किसी भी समय, चाहे दिन हो या रात, यदि कोई परेशानी हो तो तुरंत कॉल करें। मैं जिम्मेवारी लेती हूं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वे स्वयं मौके पर 5 मिनट मे पहुंचेंगी। दसौत गांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पीड़ित परिवार ने बताई थी समस्या दरअसल, विधायक मैथिली ठाकुर सोमवार को दसौत गांव में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुईं। विधायक ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और इसी उद्देश्य से ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर की बात सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचे। अब प्रेम प्रसंग में शादी और फिर मारपीट का मामला समझिए सकतपुर थाना क्षेत्र के कुर्सो गांव स्थित मदरसा टोला में प्रेम प्रसंग को लेकर बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच भारी तनाव उत्पन्न हो गया। इस दौरान एक पक्ष पर घर में जबरन घुसकर लूटपाट, मारपीट और महिलाओं के साथ छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस संबंध में पीड़ित सुरेश कुमार कामत ने सकतपुर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के ही मो. शमसूल, मो. जुमराती, मो. सोनू, मो. सुपहा, मो. असलम सहित 10 से अधिक अज्ञात लोग उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि सभी ने लाठी-डंडे से परिजनों के साथ मारपीट की और महिलाओं के साथ छेड़खानी की। इस दौरान मो सिपाही उर्फ मो यूनुस के हाथ में दबिया होने की भी बात कही गई है। पीड़ित के अनुसार, आरोपित मो शमसूल घर से दो मोबाइल फोन और 12 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गया। घटना में ललिता देवी, वीना देवी और रमेश कामत घायल हो गए, जिनका इलाज सीएचसी तारडीह में प्राथमिक उपचार के बाद कराया गया। रूबी खातून और सोनू कुमार कामत के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग था बहेड़ा थाना क्षेत्र के सझुआर गांव की युवती रूबी खातून का कुर्सो गांव के रहने वाले सुरेश कुमार कामत के बेटे सोनू कुमार कामत से प्रेम संबंध था। बीते दिन युवती अपने गांव से अलीनगर पहुंची थी, जहां से युवक उसे अपने घर लेकर आया। इसकी जानकारी युवक के परिजनों की ओर से पंचायत के गणमान्य लोगों को दी गई थी। इसके बावजूद देर रात गांव के कुछ लोगों की ओर से कथित रूप से हिंसक घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन बहेड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मुरलीधर शाह, अलीनगर थानाध्यक्ष विनय मिश्रा के साथ वीआरटी वैन को भी गांव में तैनात किया गया है। इधर, घटना को लेकर कुर्सो गांव में नदियामी एवं कुर्सो मछैता पंचायत के प्रमुख व्यक्तियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रशासन के अनुसार फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। एक साल से सोनू और रूबी खातून के बीच चल रहा था अफेयर पीड़ित सुरेश कुमार कामत ने बताया कि मेरे बेटे और मुस्लिम युवती के बीच करीब एक साल से अफेयर चल रहा था। युवती ने कॉल कर मेरे बेटे को अलीनगर बुलाया था और मेरे घर आने की बात कही। लगभग एक घंटे बाद मेरा बेटा अपनी प्रेमिका को मेरे घर ले आया। मैंने तत्काल मामले की जानकारी गांव के मुखिया, सरपंच और समाज के गणमान्य लोगों को दी। समाज के लोगों की सलाह पर लड़की के परिजनों को सूचना दी गई। लड़की पक्ष ने पहले आने की बात कही, लेकिन शाम हो जाने के बाद भी वे नहीं आए। बाद में लड़की की मां ने कॉल पर बताया कि उसके गार्जियन घर पर नहीं हैं और दिल्ली में रहते हैं। जब उन्हें समाज के समझदार लोगों के साथ बैठकर समाधान निकालने को कहा गया, तो लड़की पक्ष ने साफ मना कर दिया और कहा कि उन्हें लड़की से कोई लेना-देना नहीं है। शाम करीब 7 बजे अचानक 50 से अधिक लोग जबरन घर में घुसे इसी दौरान शाम करीब 7 बजे अचानक 50 से अधिक लोग जबरन उनके आंगन में घुस आए और सीधे लड़की को बाहर निकालने की मांग करने लगे। पीड़ित परिवार ने उनसे बैठकर समाज के लोगों के माध्यम से फैसला करने का अनुरोध किया, लेकिन आरोपित नहीं माने और जबरन घर में घुसकर लड़की को खींचने लगे। जब पीड़ित की पत्नी और भाभी ने विरोध किया तो आरोपितों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, बाल पकड़कर खींचा और मारपीट की। सभी आरोपी उनके ही गांव के बताए गए हैं, जो एक विशेष समुदाय से हैं। कुछ लोग धारदार हथियार लेकर भी आए थे। मारपीट के दौरान आरोपितों ने घर में तोड़फोड़ की, दो मोबाइल फोन, 12,000 नगद, तथा सोना-चांदी के जेवरात लूट लिए। पीड़ित ने बताया कि रात के अंधेरे में सभी आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन जिन लोगों की पहचान हुई उनमें समसुल, जमराती, असलम, सुपहा, सोनू सहित अन्य लोग शामिल हैं। मुख्य आरोपी धमकी के साथ भड़काऊ बयान दे रहा है पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद मुख्य आरोपी समसुल मुहल्ले में खुलेआम धमकी दे रहा है और भड़काऊ बयान दे रहा है कि इस परिवार की कोई भी बेटी-बहू घर से निकले तो जबरन सिंदूर भर दिया जाएगा। साथ ही हिंदू-मुस्लिम विवाद फैलाने और पूरे परिवार को मारपीट कर भगाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे मदरसा टोल क्षेत्र में मात्र दो हिंदू परिवार हैं, चारों ओर अन्य समुदाय के लोग रहते हैं, जिससे उन्हें जान-माल का गंभीर खतरा बना हुआ है। छह महीने पहले भी लड़की इसी प्रकार घर आई थी, तब उसके परिजनों को बुलाकर उसे सुरक्षित सौंप दिया गया था। पीड़ित का कहना है कि दोनों बालिग हैं और यदि वे विवाह करना चाहते हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। घटना के संबंध में थाने में लिखित शिकायत दी गई है और पुलिस जांच के लिए मौके पर भी पहुंची थी। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी, लूटे गए सामान की बरामदगी और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top