
Panipat Road Accident: पानीपत में नौल्था गांव से बलाना वाले रोड पर देर शा बाइक और वाहन (ट्रैक्टर ट्रॉली पर संदेह) की टक्कर होने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
फैक्ट्री में साथ काम करते थे तीनों युवक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अभय सिंह, मुकेश पटेल और सौरभ के रूप में हुई है। तीनों गांव बलाना में एक फैक्ट्री में काम करते थे। बताया जा रहा है कि वे घर का सामान लेने के लिए बाइक से निकले थे और वापसी के दौरान तीनों हादसे का शिकार हो गए।
सौरभ मूल रूप से कानपुर का रहने वाला था, जबकि अभय सिंह और मुकेश पटेल झांसी के रहने वाले थे। तीनों यहां नौकरी के सिलसिले में पानीपत में रह रहे थे। इसराना में ये हादसा हुआ। फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली पर संदेह जताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक इसराना के भड़ाणा गांव के पास ये दर्दनाक हादसा हुआ। वहीं, मामले की जानकारी देते हुए DSP सतीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हुई है।
शरीर से अलग हुआ हाथ, बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ फैक्टरी में सुपरवाइजर थे, उनके साथ ही अभय सिंह और मुकेश भी वहीं काम करते थे। रविवार (16 फरवरी) देर शाम तीनों अभय की बाइक से दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए निकले थे। सामान लेकर फैक्टरी लौट ही रहे थे कि, नौल्था से बलाना गांव जाने वाली सड़क पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर मौत हो गई। एक युवक का हाथ शरीर से अलग हो गया। वहीं, बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके बाद राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। कुछ देर बाद मृतकों के परिजन और दोस्त भी घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया हैं। वहीं अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।