
Akhilesh Yadav on LPG Shortage: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने देश में एलपीजी की किल्लत को लेकर एक बार फिर भाजपा पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जो लोग काम नहीं दे पाए, नौकरी नहीं दे पाए, वो आज एलपीजी भी नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में यूपी के लोगों ने एलपीजी को नया नाम ‘लापता गैस’ दिया है।
प्रदेश में लगातार एलपीजी सिलेंडरों की कमी और गैस एजेंसी के बाहर लगी लंबी कतारों को लेकर अखिलेश यादव ने हमलावर रुख अख्तियार किया हुआ है। उनके मुताबिक, महंगाई आम जनता की कमर तोड़ रही है। लेकिन सरकार सिर्फ घोषणाओं और प्रचार में व्यस्त नजर आ रही है।
लापता गैस बन गई है एलीपीजी- अखिलेश
अखिलेश यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘जो लोग काम नहीं करते हैं। आज के जमाने में लोग नौकरी चाहते हैं। रोजगार चाहते हैं। जो लोग काम नहीं कर पाए, नौकरी नहीं दे पाए, रोजगार नहीं दे पाए, वह आज एलपीजी भी नहीं दे पा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के लोगों ने तो एलपीजी का नया नाम निकाला है- लापता गैस। ये लिक्वीड-पेट्रोलियम गैस नहीं, बल्कि लापता गैस है।’
‘हमने विश्व गुरु बनने का मौका खो दिया’
उन्होंने आगे कहा, ‘सिर्फ गैस ही नहीं, बल्कि डीजल-पेट्रोल समेत अन्य चीजें भी महंगी होती चली जा रही हैं। जो यह सपना दिखा देते हैं कि हम विश्व गुरु बनेंगे। हमने विश्व गुरु बनने का मौका खो दिया है। अगर जिस समय युद्ध होना था, उस समय भाजपा अमेरिका और ईरान को समझाने में कामयाब हो जाती, तो न ही ईरान का इतना नुकसान होता और न ही इतनी जानें जाती। न ही अमेरिका को यह दबदबा बनाना पड़ता, भारत विश्व गुरु बनकर आता। लेकिन अजीब लोग हैं, हर मौका खो देते हैं।’
केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश पर किया वार
उधर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘मैंने अखिलेश यादव को ‘अफवाह यादव’ नाम दिया है। वह दुर्भावनापूर्ण प्रचार कर रहे हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे वैश्विक संकट के समय में, एक जिम्मेदार राजनेता को यह संदेश देना चाहिए कि यदि देश पर कोई संकट आता है, तो हम मिलकर उसका सामना करेंगे। फिर भी असल में कोई संकट है ही नहीं। पहले, पूरे देश में रोज़ाना लगभग 50-55 लाख गैस सिलेंडर बुक होते थे। लेकिन, उनके दुर्भावनापूर्ण प्रचार के कारण यह आंकड़ा बढ़कर 75 लाख से ज्यादा हो गया है। यह एक गंदा खेल है और मैं इसकी निंदा करता हूं।’
बता दें कि केंद्र सरकार लगातार दावे कर रही है कि देश में गैस की कमी नहीं है। पीएम मोदी ने कहा था, ‘आजकल एलपीजी को लेकर बहुत चर्चा हो रही है। कुछ लोग हैं जो पैनिक करने का प्रयास क्रिएट कर रहे हैं। वो अपना एजेंडा चलाना चाहते हैं। मैं इस समय उन पर राजनीतिक टिप्पणी करना नहीं चाहता। लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि ऐसा करके वो जनता के समक्ष तो खुद एक्सपोज हो ही रहे हैं और देश का भी बड़ा नुकसान कर रहे हैं।’