
Kanpur Lamborghini Accident News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में हाई-प्रोफाइल लेम्बोर्गिनी एक्सीडेंट केस में एक मोड़ आया है। सोमवार को शिवम के वकील मृत्युंजय कुमार ने दावा किया था कि हादसे के समय लेम्बोर्गिनी की स्टियरिंग शिवम के हाथ में नहीं, बल्कि उनके ड्राइवर मोहन के हाथ में थी। लेकिन वायरल हो रहा वीडियो शिवम के गाड़ी चलाने का इशारा कर रहा है।
दरअसल, रविवार को एक रईसजादे की तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार ने 6 लोगों को रौंद दिया। ये रईसजादा उसी तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है जिसके यहां साल 2024 में इनकम टैक्स की रेड हुई थी। इस मामले में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर किया गया। पुलिस कमिश्नर ने साफ किया कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं आरोपी शिवम मिश्रा के वकील मृत्युंजय कुमार ने दावा किया था कि जब लग्जरी कार ने रोड पर पैदल चल रहे कुछ लोगों और एक बाइक सवार को टक्कर मारी, तब उनका क्लाइंट गाड़ी नहीं चला रहा था। पत्रकारों से बात करते हुए वकील ने बताया कि ये एक्सीडेंट का मामला है, जिस पर FIR दर्ज हुई है। हमने इस मामले में कोर्ट में एप्लीकेशन दिया है।
CCTV में दिखे आरोपी को लेकर क्या बोले वकील?
वकील के अनुसार, अदालत में एक एप्लीकेशन दी गई है जिसमें ड्राइवर का नाम शामिल है। इस मामले की सुनवाई मंगलवार को होगी। ये एक एक्सीडेंट का मामला है और जब वो गाड़ी नहीं चला रहा था, तो उसके खिलाफ कोई केस नहीं बन सकता। वहीं, जब पत्रकारों ने वकील से सवाल किया कि CCTV में शिवम ड्राइविंग सीट पर बैठे नजर आ रहे हैं, जवाब में उन्होंने कहा ये जांच का विषय है।
ये दुर्घटना रविवार दोपहर कानपुर के VIP रोड पर ग्वालटोली में Rev-3 मॉल के पास हुई। तंबाकू व्यापारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही एक तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी ने पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कम से कम छह लोग घायल हो गए।
DCP अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 3:15 बजे हुई। कार पहले दूसरी गाड़ियों से टकराई, एक मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई, उसे कुछ दूर तक घसीटा, और आखिर में एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई।
पीड़ितों में से एक, यमुनागंज के तौफीक, कई मीटर दूर जा गिरे और उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। दूसरे पीड़ितों को कई फ्रैक्चर और चोटें आईं। कुछ गवाहों ने दावा किया कि शिवम को अचानक दौरा पड़ने के बाद उसने कार से कंट्रोल खो दिया था।