Newswahni

ग्वालियर में रिटायर्ड फौजी के साथ हैवानियत कार के बोनट पर लटकाकर मीटर तक घुमाया



Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार देर रात करीब 1 बजे, दबंगों ने एक रिटायर्ड फौजी को अपनी कार के बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक घुमाया। यह खौफनाक मंजर डीडी नगर चौराहे के पास का है, जिसका एक 16 सेकंड का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना उस समय हुई जब रिटायर्ड फौजी कल्याण किशोर कांत शर्मा अपने बहनोई के साथ घर लौट रहे थे।

मामूली टक्कर के बाद की गाली-गलौज

जानकारी के अनुसार, आदित्यपुरम निवासी रिटायर्ड फौजी कल्याण किशोर कांत शर्मा अपने बहनोई अवधेश शर्मा के साथ प्रेस्टीज कॉलेज की ओर से लौट रहे थे। तभी आदित्याज होटल के पास उनकी कार की टक्कर एक दूसरी कार से हो गई। 

चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर लगते ही दूसरी कार से दो युवक बाहर निकले और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब फौजी और उनके रिश्तेदार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर जब स्थानीय लोग जमा हुए, तो आरोपी भागने लगे।

500 मीटर तक बोनट पर लटके रहे फौजी 

आरोपियों को भागने से रोकने के लिए जब रिटायर्ड फौजी कार के सामने खड़े हुए, तो हमलावरों ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। टक्कर लगते ही कल्याण किशोर उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे। आरोपियों ने सारी हदें पार करते हुए कार नहीं रोकी और उन्हें बोनट पर लटकाए हुए ही करीब आधा किलोमीटर तक तेज रफ्तार में कार दौड़ाई। कुछ दूर जाने के बाद चालक ने अचानक जोरदार ब्रेक मारा, जिससे रिटायर्ड फौजी झटके के साथ सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

एक आरोपी गिरफ्तार, कार भी बरामद

घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने महाराजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महाराजपुर TI यशवंत गोयल के अनुसार, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो साक्ष्यों और कार नंबर के आधार पर घेराबंदी शुरू की। महाराजपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और कार को भी जब्त कर लिया गया है। दूसरे फरार आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। 



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top