
Delhi Weather: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार यानी आज सुबह हल्की बारिश देखने को मिली। पिछले कुछ दिनों से समय से पहले दस्तक दे रही भीषण गर्मी और 35°C के पार जाते पारे के बीच, आज सुबह करीब 4 बजे अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी ने दिल्लीवासियों को तपती धूप से बड़ी राहत दी है। IMD ने इस बदलाव को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली के सफदरजंग, पालम, और लोधी रोड समेत नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ हल्की से बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण यह बदलाव आया है, जिससे दिल्ली-यूपी और हरियाणा के सीमावर्ती इलाकों में प्री-मानसून जैसी गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
IMD ने चेतावनी दी है कि यह राहत केवल आज तक सीमित नहीं रहने वाली है। अगले 48 घंटों के लिए दिल्ली-NCR में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसका अर्थ है कि निवासियों को खराब मौसम के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। अगले दो दिनों तक 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश और बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे पारा 30°C के आसपास बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 और 16 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की फुहारें पड़ने की संभावना है। वहीं, मध्य प्रदेश में भी इसका असर साफ़ दिखेगा। एमपी में 19 और 20 मार्च को बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। बिहार में अगले हफ्ते मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। राज्य के कई जिलों में गर्जना के साथ बारिश का पूर्वानुमान है, जहाँ अधिकतम तापमान 37°C तक जा सकता है।