
Delhi-NCR Rain Today: दिल्ली-NCR के लोगों की सुबह आज बारिश की बूंदें के साथ हुई महसूस हुईं। कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। साथ ही हल्की-हल्की ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे ठिठुरन महसूस हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज के लिए दिल्ली में यलो अलर्ट जारी किया था। इसमें गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) और बिजली गिरने की संभावना बताई गई है।
देश में फरवरी में मौसम सामान्य से ज्यादा गर्म रहने और बारिश कम होने का अनुमान है, खासकर हिमालयी क्षेत्र में जहां सर्दियों के शुष्क होने को जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से जोड़ा जा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को यह जानकारी दी। IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि पूरे देश में फरवरी में होने वाली बारिश सामान्य से कम रहने की उम्मीद है और न्यूनतम और अधिकतम तापमान, दोनों सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है।
मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि, ‘गेहूं और जौ जैसी फसलों में समय से पहले पकने की समस्या हो सकती है, जिससे बाली में दाने नहीं बनेंगे और दाने हल्के हो जाएंगे और पैदावार कम हो जायेगी।’ महापात्र ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी भारत (जिसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं) में फरवरी में मासिक वर्षा सामान्य से कम रहने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हो रही है। IMD के मुताबिक, फरवरी के पहले हफ्ते तक तीन पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत पर असर डाल रहे हैं। पहला और दूसरा विक्षोभ 3 फरवरी तक प्रभावी है, जबकि तीसरा 5 फरवरी से सक्रिय होगा। इससे हिमालयी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में भी इसका असर दिख रहा है।
दिल्ली-NCR में न्यूनतम तापमान की बात करें तो 11 डिग्री से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, लेकिन ठंडी हवाओं से ठिठुरन ज्यादा लगेगी। वहीं, पूरे दिन गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ने से ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। लेकिन बारिश से प्रदूषण थोड़ा कम होता है।
IMD के मुताबिक, 1 से 3 फरवरी तक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। सुबह के समय कोहरा भी रह सकता है। 2 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे मौसम में और बदलाव आ सकता है। लोगों को सलाह है कि बाहर जाते वक्त छाता या रेनकोट साथ रखें।