
Dating App Fraud Alert: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग हमसफर की तलाश के लिए डेटिंग ऐप्स का सहारा ले रहे हैं। पहली नजर में यह काफी सुविधाजनक लगता है, जहां आप अपनी पसंद के व्यक्ति से मिल सकते हैं और बात कर सकते हैं।
लेकिन इसी सुविधा की आड़ में साइबर ठगों का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है। ये अपराधी सच्चे प्यार का नाटक रचकर आपकी भावनाओं के साथ खेलते हैं और अंत में आपकी नाक के नीचे से आपका बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।
दरअसल, ठगों के काम करने का तरीका बहुत ही शातिर होता है। सबसे पहले वे अट्रैक्टिव फोटो और इंप्रेसिव बायो के साथ एक नकली प्रोफाइल बनाते हैं। इसके बाद मैच होने पर वे आपसे घंटों बातें करेंगे और आपको यह महसूस कराएंगे कि वे आपके लिए पूरी तरह ठीक हैं।
लेकिन, जब आप उनपर भरोसा करने लगते हैं, तो वे अपनी कोई ‘दुखभरी कहानी’ सुनाते हैं, जिसके बाद आप भावनाओं में बहकर उनकी मदद के लिए पैसे भेजते हैं। लेकिन, उसके बाद वे तुरंत गायब (Ghost) हो जाते हैं। कई मामलों में तो ये ठग आपकी प्राइवेट फोटोज या वीडियो लेकर आपको ब्लैकमेल भी करते हैं।
नकली प्रोफाइल की कैसे करें पहचान?
खुद को सुरक्षित रखने का पहला कदम है सावधानी। अगर आपको किसी प्रोफाइल की फोटो जरूरत से ज्यादा अच्छी लग रही है, तो सतर्क हो जाएं। आजकल अपराधी AI जनरेटेड फोटो का इस्तेमाल करते हैं जो बहुत आकर्षक लगती हैं।
उनके बायो की जांच करें और पता करें कि क्या जानकारी अधूरी है? क्या उनके सोशल मीडिया लिंक काम कर रहे हैं? अगर कोई व्यक्ति आपसे बात शुरू करते ही बहुत जल्दी अपनी निजी समस्याएं बताने लगे या पैसों का जिक्र छेड़े, तो समझ जाएं कि दाल में कुछ काला है।
अगर आप किसी भी तरह की धोखाधड़ी का शिकार हो गए हैं, तो डरे नहीं और न ही शर्मिंदा हों। तुरंत अपनी बैंक को सूचित करें और लेन-देन रुकवाने की कोशिश करें। इसके बाद केंद्र सरकार के नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।