दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर तीन शातिर बदमाशों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसडीपीओ सदर-2 एस. के. सुमन के नेतृत्व में की गई। मामले की जानकारी प्रेस वार्ता कर पत्रकारों को दी गई।
.
कमतौल थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार एसआई सुभाष प्रसाद अपने दल-बल के साथ रात्रि गश्ती और विशेष छापेमारी पर निकले थे। 20 फरवरी की अहले सुबह लगभग 2:30 बजे मुहम्मदपुर बाजार में गुप्त सूचना मिली कि एसएच-75 पर गोपालपुर रेलवे गुमटी से मुहम्मदपुर रेलवे गुमटी जाने वाले मोड़ के पास 5-6 युवक एक चारपहिया गाड़ी पर सवार होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद डायल 112 की टीम को सहयोग के लिए बुलाया और पुलिस बल ने गोपालपुर गुमटी के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक वाहन से भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

SDPO प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मधुबनी के रहिका थाना क्षेत्र के बसौली गांव निवासी विनोद साह के बेटे आदर्श कुमार (19 ),उसी गांव के संजीव साह के बेटे अभिषेक कुमार (23),दरभंगा सदर थाना क्षेत्र के अर्जुन दास के चालक बेटे संजीव कुमार (24 ) के रुप में हुई है।
शुरुआत में तीनों ने गलत नाम बताए, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर अपनी सही पहचान उजागर की।
तलाशी के दौरान आदर्श कुमार के कमर से एक पिस्टल (खाली मैगजीन सहित) बरामद हुआ,टाटा अल्ट्रोज कार (रजिस्ट्रेशन संख्या BR07AS 8727) की तलाशी में ड्राइवर सीट के पास से दो जिंदा कारतूस (7.65 बोर),तीन आईफोन,एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया।
बरामद हथियार और कारतूस के संबंध में आरोपियों से वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे बदमाश
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये लोग किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
एसडीपीओ ने कहा कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। कमतौल थाना क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।