
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भूकंप के तेज झटके महसूस हुए हैं। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद शहर में अफरा-तफरी मच गई। डरे सहमे लोग घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता 5.0 दर्ज की गई है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार दोपहर करीब 1:20 बजे से 1:22 बजे के बीच भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके कुछ देर तक रहे, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घबराहट के मारे लोग अपने दफ्तरों, घरों से बाहर आ गए। लोगों के अपने घरों से बाहर निकलते हुए वीडियो भी बनाए हैं।
भूकंप के तेज झटके से कांपा कोलकाता
यूरोपियन मेडिटेरियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 मापी गई है। भूकंप का केंद्र बांग्लादेश में था, जहां यह लगभग 35 किलोमीटर की गहराई पर आया। बांग्लादेश में ढाका के अगरगांव में BMD सिस्मिक सेंटर से दक्षिण-पश्चिम में रिक्टर स्केल पर 5.4 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया। कोलकाता, पश्चिम बंगाल में भी झटके महसूस किए गए।
स्थानीय लोगों ने अपने-अपने अनुभव बताए हैं। एक युवती ने बताया, “हम अपने सोफे पर बैठे थे, तभी हमें अचानक झटके महसूस हुए। हम अपने घर से बाहर भागे। सोफा और पंखा हिल रहे थे, टेबल पर रखी एक बोतल नीचे गिर गई। हम सब नीचे भागे।”
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप का केंद्र के बांग्लादेश के खुलना या सतखीरा क्षेत्र में स्थित था, जो भारत-बांग्लादेश सीमा के निकट है। कुछ रिपोर्ट्स में तीव्रता 4.9 से 5.5 के बीच बताई गई, लेकिन EMSC ने इसे 5.4 दर्ज किया।अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या बड़ी क्षति की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी हुई है और लोगों से शांत रहने की अपील की है।