
भारत बंद | Image:
Republic
Bharat Bandh 2026: आज, 12 फरवरी को अगर आप किसी जरूरी काम से बाहर जाने वाले तो यह खबर आपके लिए है। क्योंकि गुरुवार को 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियन और किसान संगठनों ने देशव्यापी ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है। भारत बंद के चलते कई राज्यों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, सरकारी कार्यालय, परिवहन सेवाएं और बाजारों के प्रभावित हो सकते हैं।
दावा किया है कि हड़ताल में करीब 30 करोड़ मजदूर शामिल होंगे। ऐसे में जानिए आज क्या बंद रहेगा और क्या खुलेगा?
यह देशव्यापी हड़ताल 10 सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के जॉइंट प्लेटफॉर्म की ओर से बुलाई गई है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM), कृषि मजदूर संगठन, छात्र और युवा संगठन ने भी इस बंद का समर्थन किया है।
क्यों बुलाया गया है भारत बंद?
बदले गए 4 लेबर कोड्स के विरोध में यह भारत बंद बुलाया गया है। ये उन 29 लेबर कोड्स का हिस्सा हैं, जिनमें पिछले साल बदलाव किया गया। संगठनों ने कहा है कि नए कोड्स से कामगारों के हक कमजोर होंगे। इससे जॉब सिक्योरिटी घटेगी, साथ ही साथ कंपनियों और नियोक्ताओं के लिए लोगों को काम पर रखना और फिर नौकरी से निकाल देना और आसान हो जाएगा। संगठनों ने संस्थाओं के निजीकरण, कम वेतन और सामाजिक सुरक्षा पर भी चिंता जताई है।
इसके अलावा, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA) की बहाली, कृषि कानूनों में संशोधन, न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा की मांग और निजीकरण के खिलाफ विरोध प्रमुख हैं।
ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC) की महासचिव अमरजीत कौर ने कहा कि यह हड़ताल पिछले साल की तुलना में बड़ी होगी, जिसमें 25 करोड़ से अधिक मजदूर शामिल थे। किसान संगठन भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी और कर्ज माफी जैसी मांगों को लेकर इसमें शामिल हो गए हैं।
क्या खुले रहेंगे बैंक?
बंद के दौरान कई सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। बैंक यूनियंस जैसे ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉयी एसोसिएशन (AIBEA) और बैंक एम्प्लॉयी फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) ने इसका समर्थन दिया है। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंक हॉलिडे घोषित नहीं किया है, इसलिए कुछ शाखाएं सीमित स्टाफ के साथ खुल सकती हैं। ATM और ऑनलाइन बैंकिंग सामान्य रूप से काम करेंगी।
किन सेवाओं पर पड़ेगा असर?
वहीं, परिवहन सेवाएं भी प्रभावित होंगी। राज्य सड़क परिवहन निगमों की बसें, ऑटो-रिक्शा और टैक्सी सेवाएं कई शहरों में रुक सकती हैं, जिससे यातायात में देरी हो सकती है। सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां (PSU), कोयला और स्टील सेक्टर, औद्योगिक इकाइयां और MGNREGA कार्य भी बंद रह सकते हैं। कुछ बाजारों और दुकानों में भी इस बंद का असर पड़ सकता है, खासकर जहां यूनियंस का प्रभाव मजबूत है।
इस दौरान आवश्यक सेवाएं पूरी तरह से खुली रहेंगी। अस्पताल, एम्बुलेंस, एयरपोर्ट, मेडिकल सुविधाएं, दवा दुकानें और दूध आपूर्ति जैसी सेवाएं जारी रहेंगी। प्राइवेट ऑफिसेस, आईटी कंपनियां और मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चल सकती हैं।
वहीं, स्कूलों और कॉलेजों के लिए कोई राष्ट्रीय बंद नहीं घोषित किया गया है; अधिकांश राज्यों में वे खुले रहेंगे, लेकिन कुछ जगहों जैसे केरल, ओडिशा और तेलंगाना में जहां यूनियंस का प्रभाव ज्यादा है, वे बंद हो सकते हैं।