
Mortal Remains of Maharashtra Deputy CM Ajit Pawar to Be Carried in Rath for Antim Yatra Today | Image:
ANI
Ajit Pawar Last Rites: महाराष्ट्र की राजनीति में ‘दादा’ के नाम से मशहूर अजित पवार का बुधवार को निजी विमान हादसे में निधन हो गया। यह हादसा बारामती में लैंडिंग के दौरान हुआ, जिससे विमान में सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई। इस खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर है। वहीं आज यानी गुरुवार को बारामती में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, NCP नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार शाम से उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। बड़ी संख्या में उनके समर्थक अंतिम दर्शन के लिए उनके पारिवारिक निवास मोदी बाग पहुंच रहे हैं।
पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि अंतिम यात्रा आज सुबह 9 बजे से शुरू होगी। 11 बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार में पीएम मोदी शामिल हो सकते हैं। इनके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे।
राजकीय शोक में झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज
महाराष्ट्र सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री के निधन के बाद सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान सभी सरकारी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। इसके अलावा राज्य में सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
आखिरी 35 मिनटों में क्या-क्या हुआ?
बुधवार यानी 28 जनवरी को अजित पवार अपने चार्टर्ड प्लेन में सवार होकर बारामती जा रहे थे। इसी दौरान लैंडिंग के वक्त उनका विमान दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। प्लेन ने सुबह 8:10 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी और दुर्घटना का समय 8.45 मिनट के आसपास का बताया जाता है। ऐसे में बताते हैं कि उन 35 मिनटों में क्या-क्या हुआ था?
जब अजित पवार मुंबई से Learjet 45XR विमान में सवार होकर बारामती के लिए रवाना हुए थे, तब उन्हें भनक भी नहीं रही होगी कि ये उनका आखिरी सफर होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुर्घटना से पहले विमान करीब 35 मिनट तक आसमान में उड़ान भरता रहा। इस दौरान सबकुछ सामान्य था। बाद में चालक दल की ओर से रनवे नहीं दिखाई देने की बात हुई। कुछ समय बाद उन्होंने कहा कि रनवे दिखाई दे रहा है।
इसके बाद विमान को 8:43 बजे रनवे 11 पर उतरने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, चालक दल की ओर से लैंडिंग की अनुमति की पुष्टि नहीं की गई। सुबह 8:44 बजे, ATS ने रनवे 11 के आसपास आग की बड़ी लपटें देखीं। ऐसे में फौरन ही घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं को भेजा गया। विमान का मलबा रनवे के बाईं ओर पड़ा था।
विमान दुर्घटना की जांच कर रही AAIB
फिलहाल एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने इस विमान दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। AAIB के महानिदेशक घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने विमान के मलबे का निरीक्षण किया। वहीं, हादसे के कुछ घंटों बाद AAIB के अधिकारी दिल्ली के महिपालपुर स्थित VSR एविएशन (VSR Aviation) के ऑफिस भी पहुंचे थे। उन्होंने पाया कि कंपनी के कई कर्मचारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे।