
AI Impact Summit Protest: दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे AI इम्पैक्ट समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में गिफ्तार किए गए इंडियन यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को आज पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत को बताया कि इंटरनेशनल नेताओं और जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी में देश विरोधी नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इस दौरान पुलिस ने कथित आरोपियों की पांच दिन की रिमांड भी मांगी।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कृष्ण हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव के तौर पर हुई है। मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस ने पांच दिन की कस्टडी की मांग की, लेकिन बचाव पक्ष ने इसका कड़ा विरोध किया।
कार्यकर्ताओं के बचाव में वकील ने दी ये दलील
अदालत में बचाव पक्ष ने दलील दी कि सभी कथित आरोपी एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने तर्क दिया कि सभी ने प्रदर्शन करने के अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण था, कहीं भी किसी तरह की हिंसा देखने को नहीं मिली। वकील ने आगे कहा कि FIR एक राजनीतिक चाल से ज्यादा कुछ नहीं है। वकील ने यह भी कहा कि वे पढ़े-लिखे लोग हैं और उनके पास डिग्री है। पुलिस ने कथित आरोपियों की 5 दिन की कस्टडी की मांग की, लेकिन कोर्ट ने उनकी कस्टडी और बेल अर्जी पर फैसला सुरक्षित रख लिया।
शुक्रवार को AI समिट में युवा कांग्रेस के लगभग 10 कार्यकर्ता भारत मंडपम में घुसकर अचानक विरोध प्रदर्शन करने लगे। इन सभी प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों वाली सफेद टी-शर्ट पहनी थी। इन टी-शर्ट पर ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ लिखा था। प्रदर्शन के बीच अचानक कार्यकर्ताओं ने अपनी टी-शर्ट उतार दी और पीएम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ खोला मोर्चा
उधर, AI इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन पर राजनीति गरमा गई है। इस मुद्दे को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े और वहां जमकर नारेबाजी की। इस दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता हाथ में पोस्टर लेकर विरोध कर रहे हैं जिस पर लिखा है, ‘कांग्रेस+राहुल गांधी=गद्दार।’ और ‘देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगे।’ इसके अलावा मुंबई के मुलुंड में राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए गए।