
AI Impact Summit 2026: भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों के समक्ष सुरक्षा घेरा भंग करने की कोशिश की गई। मामले में आक्रामक तत्वों द्वारा जबरदस्ती सुरक्षा घेरा तोड़ने के विरोध में ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिस कर्मियों को चोटें भी आईं। इसके बाद कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें, 20 फरवरी को हुए टीशर्ट उतारु प्रदर्शन के संबंध में तिलक मार्ग थाने में FIR No. 19/2026 भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 61(2)/121(1)/132/190/195(1)/221/223(A)/ 196/197/3(5) दर्ज की गई है। देवेश चंद्र श्रीवास्तव, स्पेशल सीपी, दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या कई लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। जांच के दौरान कई व्यक्ति कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के CCTV कैमरों में भी देखे गए। वहीं कई अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के बारे में भी पता चला है जो इन आक्रामक तत्वों को इस कृत्य के लिए विभिन्न प्रकार से सहायता दे रहे थे।
इस संबंध में मामला दर्ज होने के बाद से कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इसके अलावा कई अन्य से भी पूछताछ और छापेमारी की कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में Indian Youth Congress (IYC) के अध्यक्ष उदय भानु चिब व अन्य पदाधिकारी भी शामिल हैं।
अन्य राज्यों की पुलिस के साथ छापेमारी जारी
इस सन्दर्भ में पूरी साजिश का पता करने के उद्देश्य से अन्य राज्यों की पुलिस के साथ भी लगातार समन्वय स्थापित कर छापेमारी की जा रही है। जांच के दौरान भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(1) तथा 192 को भी जोड़ा गया है। अब तक की जांच के आधार पर कहा जा सकता है कि गहन षडयंत्र के तहत इस अपराध को अंजाम दिया गया है।
मामले की बहु-राज्यीय पृष्ठभूमि, आरोपियों के बीच निहित वित्तीय एवं लॉजिस्टिक नेटवर्क के कारण तथा जांच की व्यापक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, इस प्रकरण की आगे की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को स्थानांतरित कर दी गई है।
बता दें कि 20 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारी जैकेट और स्वेटर के नीचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोटो वाली टी-शर्ट पहने हुए थे। जिसके बाद राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है।