![]()
किशनगंज में गुरुवार देर रात 10 पहिया ट्रक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के नीचे बने डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना फरिंगगोला स्थित एसएसबी कैंप के पास हुई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक ने बताया कि घटनास्थल पर किसी प्रकार का साइन बोर्ड, रेड लाइट रिफ्लेक्टर या ट्रैफिक संकेत नहीं लगा है, जिससे रात में वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। साइन बोर्ड नहीं लगे होने से हुआ हादसा चालक के अनुसार, पीछे से आ रहे एक वाहन चालक द्वारा लगातार साइड मांगी जा रही थी। इसी दौरान ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे डिवाइडर से जा टकराया। चालक ने यह भी कहा कि यदि वहां उचित साइन बोर्ड और ट्रैफिक संकेत लगे होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फरिंगगोला फ्लाईओवर और बस स्टैंड इलाके में आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन जगहों पर जल्द से जल्द साइन बोर्ड, रेडियम रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Source link